
उमरिया। जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही और गुणवत्ता पर सवाल एक बार फिर गहरा गए हैं। मानपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत टिकरी टोला पहुंच मार्ग पर धखोदर गांव के पास गिट्टी से लदा एक हाइवा अचानक सड़क पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाइवा गिट्टी लेकर धखोदर मार्ग से टिकरी टोला की ओर जा रहा था। इसी दौरान हाल ही में बनी सड़क पर वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं की गई हैं, जिसके कारण सड़क की सतह कमजोर और असमान है।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सूझ-बूझ
दिखाते हुए ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं। वाहन मालिक को घटना की सूचना दे दी गई है, जबकि हाइवा देर शाम तक घटनास्थल पर ही पड़ा रहा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भवन, नाली और सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। जिम्मेदार विभागों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े हो हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि सड़क निर्माण है की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे न हों।
