अभिनेता इमरान हाशमी पूरे 5 साल बाद हॉरर फिल्मों की दुनिया में धमाकेदार एंट्री कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘रूह’ का खौफनाक पहला लुक रिलीज हो गया है।
बड़े पर्दे पर जब भी खौफ और सस्पेंस का अनोखा मेल देखने को मिलता है, तो लोगों के जेहन में एक ही नाम सबसे पहले आता है। अपनी एक्टिंग से रोमांस और डर दोनों को बखूबी जीने वाले एक्टर इमरान हाशमी एक बार फिर अपने पुराने और सबसे पसंदीदा अंदाज में लौटने के लिए तैयार हैं।
5 सालों के एक लंबे इंतजार के बाद उन्होंने हॉरर जॉनर में वापसी करने का एलान कर दिया है। उनकी नई फिल्म ‘रूह’ का पहला लुक सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल तेज हो गई है। फैंस इस बात से बेहद उत्साहित हैं कि उनका पसंदीदा कलाकार फिर से बड़े पर्दे पर डर का माहौल लाने जा रहा है।
सिर्फ 52 सेकंड के वीडियो में दिखा खौफ का मंजर
फिल्म रूह के मेकर्स ने इस नई फिल्म का जो वीडियो जारी किया है, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। इस छोटे से वीडियो की शुरुआत एक घने और रहस्यमयी जंगल से होती है, जहां हवा में लटकती हुई एक अनजान लड़की का शरीर दिखाई देता है। इसके तुरंत बाद स्क्रीन पर कोहरे और धुंध से ढका हुआ एक पुराना शीशा नजर आता है।
देखते ही देखते उस धुंधले शीशे पर एक डरावना हाथ निकलता है जो कांच को साफ करता है। जैसे ही वह धुंध हटती है, शीशे के पीछे एक्टर इमरान हाशमी का चेहरा उभर कर सामने आता है। वीडियो के आखिरी पलों में उनकी आंखें पूरी तरह से गहरी काली पड़ जाती हैं, जो दर्शकों के भीतर एक सिहरन पैदा कर देती हैं।
3 भाषाओं में रिलीज होगी फिल्म
फिल्म रूह को लेकर दर्शकों के बीच क्रेज इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसके रिलीज होने के समय का भी खुलासा कर दिया गया है। यह हॉरर थ्रिलर फिल्म अगले साल यानी 2027 में ब़क्स ऑफिस पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। मेकर्स ने इसे केवल हिंदी तक सीमित नहीं रखा है।
बल्कि इसे दक्षिण भारत के लोगों तक पहुंचाने के लिए तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी एक साथ रिलीज किया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट के डायरेक्शन की कमान मयंक शर्मा संभाल रहे हैं। वहीं, इस थ्रिलर कहानी को विशाल कपूर ने मयंक शर्मा के साथ मिलकर लिखा है, जबकि विक्रम खाखकर और सनी खन्ना ने इस फिल्म को बनाने का जिम्मा उठाया है।
इमरान हाशमी का पुराना और शानदार इतिहास
इमरान हाशमी के लिए यह हॉरर नया नहीं है, बल्कि वह इसके पुराने खिलाड़ी माने जाते हैं। उनके करियर पर नजर डालें तो ‘रूह’ उनके करियर की 6वीं हॉरर फिल्म होने जा रही है। इससे पहले उन्होंने साल 2009 में आई ‘राज: द मिस्ट्री कन्टीन्यूज’ और 2012 में ‘राज 3’ से दर्शकों को खूब डराया था।
इसके बाद वह ‘एक थी डायन’, ‘राज रीबूट’ और साल 2021 में आई फिल्म ‘डिबुक’ में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके हैं। साल 2003 में फिल्म ‘फुटपाथ’ से अपने एक्टिंग सफर की शुरुआत करने वाले इस कलाकार ने हर तरह के सिनेमा में अपनी एक अलग और अमिट पहचान बनाई है। इसी के साथ-साथ अभिनेता इमरान हाशमी ने खिलाड़ी अक्षय कुमार और अजय देवगन के साथ बड़े पर्दे पर काम किया है।
