एसआईआर कार्यशाला, कांग्रेस विचारधारा विहीन: खंडेलवाल

नरसिंहगढ़/राजगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को नरसिंहगढ़ के होटल सोनाकुंज में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर आयोजित जिला कार्यशाला और कोर ग्रुप बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आजादी के आंदोलन के दौरान अंग्रेजों द्वारा बनाया गया मंच थी। महात्मा गांधी स्वयं कांग्रेस को समाप्त करना चाहते थे, लेकिन नेहरू परिवार ने सत्ता के लिए इसका उपयोग किया।

खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा अपने गठन से लेकर आज तक स्पष्ट विचारधारा पर चलने वाला कार्यकर्ता आधारित दल है, जबकि कांग्रेस परिवार आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण और पारदर्शी चुनाव के लिए एसआईआर आवश्यक प्रक्रिया है। कांग्रेस इसके विरोध में आकर अपनी विफलता छिपाने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश में एसआईआर की शुरुआत नेहरू और इंदिरा गांधी के समय की गई थी। यदि आज कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर रही है तो उसे स्पष्ट करना चाहिए कि क्या नेहरू और इंदिरा गांधी ने गलत किया था।

खंडेलवाल ने कहा कि आजादी के बाद यदि देश का नेतृत्व सरदार वल्लभभाई पटेल को मिला होता तो भारत आज अमेरिका और चीन से आगे होता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी उस परिकल्पना को साकार कर रहे हैं। भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

प्रदेश अध्यक्ष का कुरावर, पीलूखेड़ी से लेकर नरसिंहगढ़ तक जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अमित शर्मा ने किया और आभार विधायक मोहन शर्मा ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में मंत्री नारायण सिंह पंवार, उपाध्यक्ष मोहन नागर, सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

मप्र में पेड़ कटाई पर हाईकोर्ट ने दो सप्ताह में मांगी विस्तृत रिपोर्ट

Thu Nov 27 , 2025
जबलपुर। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट, जबलपुर में गुरुवार को याचिका क्रमांक 46565/2025 पर हुई सुनवाई में राज्य में बड़े पैमाने पर हो रही पेड़ों की कटाई पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजीव सचदेवा एवं न्यायमूर्ति विनय सराफ की पीठ ने राज्य सरकार और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश […]

You May Like

मनोरंजन