
ग्वालियर। ग्वालियर में चलाए जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आज ग्वालियर विधानसभा के रामरति गार्डन में कांग्रेस द्वारा बीएलए का प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया। कांग्रेस नेताओं द्वारा बीएलए को प्रशिक्षित किया गया और मतदाता सूचियां में हुई गड़बड़ी से निपटने के टिप्स दिए गए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसआईआर के प्रदेश प्रभारी पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि जिस तरह से देश में वोट चोरी की जा रही है इस कारण एसआईआर में कार्यकर्ताओं को सजग रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपकी यह डेढ़ महीने की मेहनत आपको और पार्टी को सत्ता तक ले जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने कहा कि बीजेपी वोट चोरी से ही सरकार बना रही है। वोटर लिस्ट में भारी धांधली सरकार कर रही है। उन्होंने वार्ड 17 की एक पोलिंग की लिस्ट दिखाते हुए कहा कि एक घर में चार लोग रहते हैं लेकिन नाम 40 लोग के जुड़े हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी लोग युद्ध स्तर पर मतदाताओं के हितों की रक्षा करें। उन्होंने कहा कि कोई भी मतदाता अपने हित से वंचित नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण कार्यक्रम को कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने भी संबोधित किया।कार्यकर्ताओं को भोपाल से आये ट्रेनर डॉ. रणवीर यादव ने एसआईआर की बारीकियां समझाई।
कार्यकर्ताओं को निर्वाचन और कानूनी जानकारियां जिला निर्वाचन प्रभारी देशराज भार्गव ने बताई। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी बीएलओ या निर्वाचन से संबंधित अधिकारी भेदभाव करता है या किसी पार्टी का पक्ष लेता है तो आप मुझे बताएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्वालियर विधानसभा के एसआईआर प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बीएलओ द्वारा दिए गए फॉर्म और उसमें लगने वाले डाक्यूमेंट्स और सभी तरह की जानकारियां उपलब्ध कराई। कार्यक्रम का संचालन ग्वालियर विधानसभा के मतदाता पुनरीक्षण के प्रभारी एवं ब्लॉक अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह भदोरिया ने एवं आभार ब्लॉक अध्यक्ष पिंटू राजपूत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता अशोक प्रेमी, महाराज सिंह पटेल, राजेंद्र सिंह नाती, जेएच जाफरी, राम सिंह चौहान, नवीन भदकारिया आदि मौजूद रहे।
