नागपुर। पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, पश्चिमी क्षेत्र -1 द्वारा क्षेत्रीय सांस्कृतिक महोत्सव और हस्तकला प्रदर्शनी 2025 का आयोजन क्षेत्रीय मुख्यालय नागपुर स्थित सप्तरंग हॉल में किया गया, जिसमें कर्मचारियों और उनके परिवारजनो ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे क्षेत्र प्रमुख विभय कुमार, कार्यपालक निदेशक (पश्चिमी क्षेत्र -1) ने श्रीमती सारिका राय, संरक्षिका, महिला समिति, पश्चिमी क्षेत्र -1, के.बी. सुब्रमणियन, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना), अरविंद कुमार पांडे, मुख्य महाप्रबंधक (कुरुक्षेत्र एवं चांपा एचवीडीसी), रजनीश तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक (सम्पदा प्रबंधन), बिनोद कुमार, मुख्य महाप्रबंधक, (नागपुर एचवीडीसी) तथा कार्यक्रम के विशिष्ट निर्णायकगणों के साथ संपन्न किया। संस्कृतिक महोत्सव में नृत्य, हस्तकला, शिल्प एवं ललित कला पर आधारित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिसमें संगठन के कर्मचारियों और उनके परिवारों की रचनात्मक प्रतिभा परिलक्षित हुई। नृत्य नाट्य प्रतियोगिता में टीम दुर्ग (मेडेसरा) ने अपनी प्रस्तुति जिंदगी जो कभी नहीं हारती के द्वारा जिजीविषा की अदम्य भावना को दर्शाते हुए, भय को साहस में बदलने और हर विपरीत परिस्थिति पर विजय पाने का संदेश देते हुए प्रथम पुरस्कार जीता। टीम सिवनी ने प्रकृति और संस्कृति के संरक्षण के माध्यम से सतत भविष्य की अपील करने वाली प्रस्तुति के लिए प्रथम उपविजेता का स्थान प्राप्त किया, जबकि टीम वर्धा ने मानवता और प्रकृति के पंचतत्वों के बीच संतुलन स्थापित करने की यात्रा को प्रदर्शित करते हुए द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया। टीम भाटापारा को प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रदर्शनी में ललित कला, शिल्प और हस्तकला श्रेणी में चयनित प्रतिभागियों को भी ट्रॉफी प्रदान की गई। अपने मुख्य संबोधन में मुख्य अतिथि विभय कुमार ने सभी प्रतिभागी टीमों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और मेहनत के लिए बधाई दी। उन्होंने पावरग्रिड पश्चिमी क्षेत्र -1 द्वारा विद्युत पारेषण के क्षेत्र में हासिल की जा रही उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए क्षेत्र की परिचालन उत्कृष्टता और राष्ट्रीय प्रगति के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
