ग्वालियर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। जीएसटी लागू होने के बाद देश में “एक राष्ट्र, एक कर, एक बाजार” की अवधारणा साकार हुई है। यह बात आज एक निजी होटल में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, प्रदेश भाजपा सह मीडिया प्रभारी मध्यप्रदेश जवाहर प्रजापति, आत्मनिर्भर भारत की जिला टोली के संयोजक रामेश्वर भदौरिया, जीएसटी ग्वालियर की जिला टोली के संयोजक सीए अजय सिंघल, जिला महामंत्री विनय जैन, विनोद शर्मा, राजू पलैया, टोली के सह संयोजक राघवेन्द्र शर्मा, सीपी मिश्रा, राघवेन्द्र शर्मा मौजूद रहे।
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जीएसटी में सुधार कर जनता को दीपावली का उपहार दिया है। उन्होंने कहा कि यह न केवल कर प्रणाली को सरल बनाता है बल्कि व्यापारियों, उद्योगों और आम नागरिकों के लिए पारदर्शी और सुगम व्यवस्था प्रदान करता है।उन्होंने कहा कि हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी की भावना के साथ इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन और आत्मनिर्भर भारत संकल्प रथ यात्रा जैसी कई गतिविधियों की योजना बनाई गई है।
इसका उद्देश्य वोकल फॉर लोकल के संदेश को हर भारतीय तक पहुँचाना है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी। आर्य ने व्यापारी बंधुओ से आव्हान करते हुए कहा कि वे स्वदेशी सामान का विक्रय कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी को अपनाते हैं, तब हम केवल वस्तुओं का उपयोग नहीं करते, बल्कि अपने देश की संस्कृति, परंपरा और गौरव से भी परिचित होते हैं। पूर्व की सरकारों ने देश का हित नहीं देखा और विदेशी सरकारों ने अपने हितों का ध्यान में रखकर भारत देश को लूटने का काम किया है।
