राजसी सवारी में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा मंदसौर

मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव की राजसी पालकी एवं राजसी सवारी सोमवार को पूरे धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में निकली। पालकी के दर्शन के लिए शहरभर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह भगवान के स्वागत और दर्शन के लिए श्रद्धालु खड़े नजर आए। जैसे ही राजसी सवारी प्रमुख मार्गों से गुजरी, पूरा शहर हर-हर महादेव और भगवान पशुपतिनाथ के जयकारों से गूंज उठा।

राजसी पालकी का शुभारंभ भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर से हुआ। सवारी निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ी और पशुपतिनाथ की बड़ी पुलिया, मंडी गेट, शुक्ला चौक, गणपति चौक, नयापुरा मार्ग, लक्कड़ पीठा चौराहा, गोल चौराहा, बीपीएल चौराहा, गांधी चौराहा, नेहरू बस स्टैंड होते हुए घंटाघर क्षेत्र तक पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया।

राधा-कृष्ण की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र

इस बार राजसी सवारी में क्रेन के माध्यम से राधा-कृष्ण की जीवंत प्रतिमा को झूले में प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शित करने की विशेष व्यवस्था की गई थी। आयोजन को लेकर प्रारंभिक स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा कारणों से आपत्ति जताई गई थी। इसके बाद आयोजन समिति के सदस्य भाजपा युवा नेता गौरव अग्रवाल के पास पहुंचे और पूरी स्थिति से अवगत कराया।

गौरव अग्रवाल ने मामले की जानकारी सांसद सुधीर गुप्ता को दी। सांसद ने कलेक्टर दिव्यांक सिंह एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना से चर्चा की। इसके बाद सुरक्षा एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए क्रेन से राधा-कृष्ण की झांकी के आयोजन की अनुमति प्रदान की गई। अनुमति मिलने के बाद यह आकर्षक झांकी राजसी सवारी का प्रमुख आकर्षण बनी और श्रद्धालुओं ने इसे खूब सराहा।

कलेक्टर-एसपी ने किया मार्ग का निरीक्षण

राजसी सवारी से पहले कलेक्टर श्री दिव्यांक सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना ने निर्धारित भ्रमण मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पशुपतिनाथ मंदिर से लेकर सवारी के पूरे मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यातायात, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बघेल, एसडीएम श्री शुभम पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी-कर्मचारी तथा मंदिर प्रबंध समिति के प्रबंधक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

राजसी सवारी के दौरान मंदसौर पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। मंदिर से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री पशुपतिनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

Next Post

बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाइयों का दौर

Mon Aug 17 , 2026
मंदसौर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर को भाजपा किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की खबर से मंदसौर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। लंबे समय से संगठन एवं किसानों के बीच सक्रिय भूमिका निभाने वाले श्री गुर्जर को मिली […]

You May Like