वन भूमि विवाद में हत्या के मुख्य आरोपी सहित 5 गिरफ्तार

रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र के ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की शासकीय भूमि को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को ग्राम कागलीखोरा में वन विभाग की शासकीय भूमि को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए थे। विवाद के दौरान लक्ष्मण पिता बहादुर मचार (17) पर चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण की मौत हो गई।

मृतक के पिता बहादुर मचार की शिकायत पर बाजना थाने में अपराध क्रमांक 449/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 191(2), 191(3) एवं 296(बी) के तहत प्रकरण कायम किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र दंडोतिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर मुख्य आरोपी रमेश पिता रावजी मचार (32) सहित ज्योतिलाल उर्फ जोतिया (19), विकास मचार (23), राजू मचार (22) और मोहन मचार (52) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी ग्राम कागलीखोरा के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र दंडोतिया, उप निरीक्षक योगेश निनामा, उप निरीक्षक रामसिंह खपेड़ तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

निगम अमले ने चालकों व दुकानदारों को दी गई सख्त हिदायत

Wed Jul 29 , 2026
छिंदवाड़ा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा सार्वजनिक मार्गों पर बिना अनुमति हो रहे अतिक्रमण को रोकने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में निगम की टीम द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों में विशेष ‘रोको-टोको अभियानÓ […]

You May Like