
गुना, गुना जिले के रुठियाई क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब गैस से भरे गेल के एक एलपीजी टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। हालांकि, जिला प्रशासन, पुलिस और गेल की तकनीकी एवं अग्निशमन टीम की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के सीधे निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए दमकल कर्मियों ने फोम आधारित विशेष तकनीकों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर रोका गया यातायात भी स्थिति सामान्य होने के बाद फिर से शुरू कर दिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेल का यह टैंकर एलपीजी गैस भरकर गंतव्य की ओर रवाना हुआ था। रविवार शाम करीब 5 बजे जैसे ही यह टैंकर रुठियाई स्थित पंचवटी होटल के सामने पहुंचा, इसमें अचानक अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टैंकर ऊंची लपटों और काले धुएं के गुबार से घिर गया। नेशनल हाईवे पर गैस टैंकर में आग लगने की खबर से आसपास के क्षेत्र और होटल के समीप अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खतरे की गंभीरता और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत सक्रियता दिखाई और एहतियात के तौर पर तत्काल हाईवे के दोनों तरफ के यातायात को रोक दिया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
कलेक्टर और एसपी की मौजूदगी में चला संयुक्त रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। कलेक्टर के आदेश पर पुलिस अधीक्षक हितिका वासल, संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, स्थानीय पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम तत्काल घटना स्थल पर पहुंच गई। अधिकारियों ने खुद मौके पर खड़े रहकर राहत एवं सुरक्षा कार्यों की सतत मॉनिटरिंग की।
इसी बीच गेल की तकनीकी और फायर फाइटिंग टीम भी विशेष उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। गेल और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने तालमेल बिठाते हुए अत्याधुनिक फोम आधारित दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। पानी के बजाय फोम के छिड़काव से एलपीजी गैस की इस भयावह आग पर बहुत ही कम समय में काबू पा लिया गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और यातायात बहाली
प्रशासनिक टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद भी सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई ढील नहीं दी। मुख्य रूप से आग शांत होने के बाद भी एहतियात के तौर पर एक और फोम फायर ब्रिगेड को विशेष रूप से मौके पर बुलाया गया, ताकि गर्म टैंकर पर लगातार ठंडा छिड़काव किया जा सके और दोबारा आग भड़कने की किसी भी गुंजाइश को खत्म किया जा सके।
सुरक्षा जांच के बाद जब स्थिति पूरी तरह सुरक्षित घोषित हो गई, तब हाईवे के एक हिस्से पर यातायात को पुनः बहाल कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि टैंकर को पूरी तरह सुरक्षित करके और गैस रिसाव की संभावनाओं को शून्य करके सड़क से हटा दिया जाएगा, जिसके बाद राजमार्ग के दूसरे हिस्से का ट्रैफिक भी पूरी तरह सुचारु कर दिया जाएगा।
स्थिति पूरी तरह सामान्य: जिला प्रशासन
इस सफल और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने बताया कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हमेशा से ही जनसुरक्षा सुनिश्चित करना रही है। सभी संबंधित विभागों जैसे प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन और गेल की तकनीकी टीम के बेहतर समन्वय और त्वरित प्रयासों के कारण समय रहते इस बड़ी विपदा को टाल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में रुठियाई क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है। किसी भी प्रकार की जनहानि या कानून-व्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई है और क्षेत्र में लगातार सतर्कता बरती जा रही है।
