तेज बारिश से रेल यातायात बेपटरी: सतना-मानिकपुर रूट पर 44 गाड़ियां प्रभावित

सतना : जबलपुर रेल मंडल अंतर्गत सतना-मानिकपुर रेलखंड पर भारी बारिश ने ट्रेनों के पहिए थाम दिए हैं. चितहरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर कई किलोमीटर तक कई फीट पानी भर गया. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेनों की आवाजाही रोक दी. पटरियों के जलमग्न होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई प्रमुख स्टेशनों पर गाड़ियां खड़ी रहीं.

इस जलभराव के चलते रूट पर कुल 24 यात्री ट्रेनें और 20 मालगाड़ियां प्रभावित हुई हैं. घंटों परिचालन ठप रहने के बाद रेलवे ने स्थिति की समीक्षा की और ट्रेनों को ‘कॉशन ऑर्डर’ (सतर्कता आदेश) के साथ रवाना करना शुरू किया. मौके पर मौजूद रेलवे के इंजीनियरिंग और सिग्नल विभाग के कर्मचारी पानी से भरे ट्रैक पर आगे-आगे चलकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं, जिसके बाद बेहद नियंत्रित और धीमी गति से गाड़ियों को सुरक्षित निकाला जा रहा है.

रेलवे ट्रैक पर पानी भरने का वीडियो भी सामने आया है जिसमें तकनीकी स्टाफ और प्वाइंटमैन पटरियों के बीच उतरकर सिग्नल व स्लीपरों की जांच करते दिखे. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बारिश के तेज बहाव से ट्रैक व सिग्नलिंग सिस्टम को पहुंचे संभावित नुकसान का तकनीकी आकलन किया जा रहा है.मंडल के वरिष्ठ अधिकारी कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं ताकि पूरी तरह सुरक्षित परिचालन जल्द बहाल हो सके.

Next Post

छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों में भारी वर्षा के आसार

Sun Aug 30 , 2026
रायपुर, 30 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने वाली हैं और अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ इलाकों में भारी […]

You May Like