छत्तीसगढ़ में आगामी पांच दिनों में भारी वर्षा के आसार

रायपुर, 30 अगस्त (वार्ता) छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने वाली हैं और अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 48 घंटे में और मजबूत होने तथा पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर आगे बढ़ने की संभावना है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में आज से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक के दौरान लोगों को सतर्क रहने तथा खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। कोरबा शहर में दादर नाले का जलस्तर बढ़ने से शनिवार सुबह नाला पार कर रही एक स्कॉर्पियो तेज बहाव में डूब गई। वाहन में सवार तीन दोस्तों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे बाद स्कॉर्पियो को भी पानी से बाहर निकाल लिया गया।

कोरबा के कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बारिश के पानी के साथ सड़क पर बहकर आ गया। इससे मुख्य मार्ग मिट्टी और कीचड़ से भर गया। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार पूरी तरह मिट्टी में डूब गई, जबकि यात्री बस के पहिए मलबे में फंस गए। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

वहीं सरगुजा जिले के मैनपाट घूमने पहुंचे युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को उसने रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि युवक तेज बहाव में बहकर डूब गया। युवक की तलाश की जा रही है।

राजधानी रायपुर में 30 अगस्त को सामान्य रूप से बादल छाए रहने तथा कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रहा।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक मौसमी बारिश सामान्य से चार प्रतिशत कम है। बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी के कारण आने वाले दिनों में वर्षा के आंकड़ों में सुधार होने की संभावना है।

 

 

Next Post

श्रेयस, यशस्वी और जडेजा समेत टीम इंडिया के बड़े सितारों की फिटनेस जांच पूरी, BCCI ने शेयर की Photos

Sun Aug 30 , 2026
बेंगलुरु, नए सीजन से पहले बेंगलुरु के BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में श्रेयस, यशस्वी और जडेजा समेत टीम इंडिया के सितारों की फिटनेस जांच पूरी हुई। भारतीय क्रिकेट टीम के बड़े खिलाड़ियों ने नए सीजन से पहले अपनी फिटनेस जांच पूरी कर ली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के बेंगलुरु […]

You May Like