शाह के अलवर दौरे से पहले प्रशासन ने तैयारियां तेज की

अलवर, 13 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 16 अगस्त को प्रस्तावित राजस्थान में अलवर दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

दौरे से पहले गुरुवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव अभय कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने विजय नगर मैदान पहुंचकर सभा स्थल और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिये।

श्री कुमार ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और पार्किंग व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों को पूरा करें।

उन्होंने विजय नगर मैदान में छाया, बैठक व्यवस्था और अवराेधक लगाने का काम कार्यक्रम से पहले ही पूरा कर लिये जाने के निर्देश दिये। सभास्थल की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के साथ पर्याप्त पेयजल, चिकित्सा दल, सीसीटीवी कैमरे और चल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिये गये।

 

 

You May Like