
जीआरपी ने एक माह में 20 आरोपी गिरफ्तार किए
नव भारत न्यूज
इंदौर. जीआरपी पुलिस ने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर कई पुरानी चोरियों का खुलासा किया है. पिछले एक माह में जीआरपी पुलिस नें 20 चोर गिरफ्तार कर 36 मोबाइल जब्त किए गए हैं.
जीआरपी एसपी संतोषसिंह कोरी ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि ट्रेनों में चोरी करने वाले गिरोहों पर लगातार नजर रखी जाए. सीडीआर और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर पिछले एक माह में 20 चोरों को पकड़ा गया है. मोबाइल चोरी कर बेच देते थे दूसरे राज्यों में कुछ मोबाइल चोरी के बाद दूसरे राज्यों में बेचे जा रहे थे, जिन्हें जब्त करने के लिए पुलिस की टीमें भेजी गई थीं. टीमों ने कई जगह दबिश देकर चोरी हुए मोबाइल और अन्य सामान बरामद किया. ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है. जीआरपी पुलिस का कहना है कि ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
