

भोपाल। राजधानी स्थित पुलिस ऑफिसर्स मेस में शुक्रवार रात आयोजित पुलिस ऑफिसरों की सर्विस मीट के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं युवा पुलिस अधिकारियों ने मंच पर अपनी कला और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थितजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान नृत्य, गायन, संगीत और समूह प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले पुलिस अधिकारी जब कलाकार के रूप में नजर आए, तो दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
सर्विस मीट के पहले दिन आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में भोपाल पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा और आईजी चंद्रशेखर सोलंकी ने अपने-अपने अंदाज में सहभागिता कर कार्यक्रम को खास बना दिया। वहीं, आईपीएस सर्विस मीट के दौरान सांस्कृतिक वेशभूषा में आईजी गौरव राजपूत और आईजी चंद्रशेखर सोलंकी भी नजर आए, जिन्होंने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों के साथ उनके परिवारजनों की भी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन में आत्मीयता और पारिवारिक वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों ने इस सांस्कृतिक संध्या को कार्य-दबाव के बीच सकारात्मक ऊर्जा, आपसी संवाद और टीम भावना को मजबूत करने वाला प्रभावी मंच बताया। कार्यक्रम का समापन उत्साह और उल्लास के साथ हुआ।
