पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का निधन

नोएडा, 08 अप्रैल (वार्ता) वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई का बुधवार तड़के चार बजे नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके पार्थिव शरीर को आज दोपहर तीन बजे उनके नोएडा स्थित आवास (सेक्टर-40) से अंतिम यात्रा के लिए ले जाया जाएगा। शाम करीब पांच बजे उन्हें निजामुद्दीन कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।

वह लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रही थीं, कांग्रेस संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी थीं और गांधी परिवार के काफी करीबी रही थी।

श्रीमती किदवई ने केंद्र सरकार में मंत्री रहीं, इसके अलावा वह हज कमेटी की अध्यक्ष भी रहीं। वह कई बार की सांसद रहीं और उन्होंने कांग्रेस महासचिव के रूप में भी कार्य किया। वह कांग्रेस कार्य समिति और पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्य भी रहीं।

सांसद मनीष तिवारी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीमती किदवई एक कद्दावर नेता थीं और उन्होंने कई बार सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। उन्होंने कहा कि वह बेहद सौम्य स्वभाव की थीं, उनके व्यक्तित्व में सरलता और विनम्रता झलकती थी और उनके चेहरे पर हमेशा एक आत्मीय मुस्कान रहती थी।

श्री तिवारी ने कहा कि उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

 

Next Post

अमेरिका-ईरान के बीच युद्धविराम का स्वागत, स्थायी शांति की अपील: प्रमोद तिवारी

Wed Apr 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस राज्यसभा सांसद और उप नेता प्रमोद तिवारी ने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हुए दो सप्ताह के युद्धविराम का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय विश्व शांति के लिए एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने बुधवार को ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा […]

You May Like