‘हनी गैंग’ के साए में एमवाय अस्पताल के मरीज, दहशत में स्टाफ व परिजन

इंदौर. अरविंदो यूनिवर्सिटी में मधुमक्खियों के हमले में दर्जनों विद्यार्थियों के घायल होने की घटना के बाद एमवाय अस्पताल परिसर में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते भी चिंता का कारण बन सकते हैं. अस्पताल परिसर में अलग अलग स्थानों पर छोटे बड़े सात छत्ते लगे हुए हैं. यहां रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ मौजूद रहता है. ऐसे में इन छत्तों के आसपास मधुमक्खियों का झुंड सक्रिय होने पर किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
गुरुवार की दोपहर अरविंदो में हुई घटना के बाद नव भारत की टीम ने प्रदेश के सबसे बड़े एमवाय अस्पताल का दौरा किया तो यहां पाया कि अस्पताल की इमारत पर भी सात मधुमक्खियों के छत्ते लगे हुए हैं. इसके चलते न सिर्फ मरीजों, बल्कि उनके परिजनों और अस्पताल के स्टाफ के मन में भी दहशत बनी रहती है.
अस्पताल परिसर में लगे ये छत्ते मरीजों और उनके परिजनों के लिए खतरे का कारण ठीक उसी प्रकार बन सकते हैं, जिस प्रकार अरविंदो में ट्रेनी डॉक्टर बने. एमवाय में रोजाना तीन हजार से ज्यादा मरीज अपना इलाज करवाने के लिए आते है. वहीं उनके साथ परिजन व बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल होते हैं. जिन्हें अचानक मधुमक्खियों के हमले की स्थिति में सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना मुश्किल हो सकता है. अस्पताल की इमारत पर अलग अलग जगह बने छत्तों के आसपास मधुमक्खियों की आवाजाही भी देखी जा सकती है. अरविंदो की घटना के बाद एमवाय में मौजूद इन छत्तों को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. समय रहते इन्हें हटाने की जरूरत है, ताकि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीज, उनके परिजन और कर्मचारी किसी संभावित हमले की चपेट में न आएं.

अरबिंदो कॉलेज घटना पर पुलिस ने फिर दी सफाई
इंदौर. अरबिंदो कॉलेज में मधुमक्खियों के हमले की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के बाद पुलिस ने स्थिति स्पष्ट की है. पुलिस के अनुसार, कॉलेज के उद्घाटन समारोह में आतिशबाजी के दौरान पटाखे की आवाज और चिंगारी से मधुमक्खियों का छत्ता डिस्टर्ब हुआ था. हमले में करीब 20 लोग प्रभावित हुए थे, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई और न ही कोई आईसीयू में भर्ती हुआ. बाणगंगा थाना पुलिस ने वायरल वीडियो के बाद कॉलेज प्रबंधन से जानकारी जुटाई थी. जांच में पता चला कि मधुमक्खियों ने करीब 20 लोगों को काटा था. सभी को प्राथमिक उपचार दिया और उनकी स्थिति सामान्य है. पुलिस ने आईसीयू में भर्ती होने की खबरों को भ्रामक बताया है. घटना को लेकर कॉलेज प्रबंधन या छात्रों की ओर से कोई लिखित शिकायत भी नहीं मिली है. पुलिस ने कॉलेज प्रबंधन को भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सावधानियां बरतने की समझाइश दी है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने भी स्पष्ट किया कि घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है और सोशल मीडिया पर प्रसारित आईसीयू में भर्ती होने की खबरें सही नहीं हैं.

Next Post

लोधिया कुंड में डूबा विजयपुर का 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र, मौत से मचा हड़कंप

Sat Nov 21 , 2026
श्योपुर/विजयपुर। दोस्तों के साथ घूमने निकले विजयपुर के एक होनहार छात्र की जिंदगी इंदौर के लोधिया कुंड के गहरे पानी में समा गई। इंदौर की आईपीएस एकेडमी में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे 20 वर्षीय शनि मित्तल की कुंड में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना की […]

You May Like