‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए मोदी सरकार को चुनाव में हराकर व्यवस्था बदलना विपक्ष का है लक्ष्य : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि भाजपा सरकार ने वोट चोरी के जरिए सत्ता हथियाकर देश की विकास प्रक्रिया को पूरी तरह से चौपट कर दिया है इसलिए ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए मोदी सरकार को चुनाव में हराकर व्यवस्था में बदलाव लाना विपक्षी इंडिया गठबंधन का लक्ष्य है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने शुक्रवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि विपक्ष का उद्देश्य चुनाव के जरिए सरकार बदलना है लेकिन भाजपा इस अभियान से परेशान है क्योंकि उन्हें अब सवाल सुनने और लोकतंत्र की आदत नहीं रह गई है।

श्री खेड़ा ने कहा कि बीते कई दिनों से देश में आक्रोश है और नौजवान सड़कों पर उतर रहे हैं। लोग सरकार से सवाल पूछ रहे हैं और सरकार बदलने की बात कर रहे हैं। जब भी मोदी सरकार से सवाल पूछे जाते हैं, तो जवाब देने के बजाय सवाल उठाने वालों पर आरोप लगाए जाते हैं और उनके खिलाफ साजिशें रची जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोगों को ‘दिमागी नक्सली’, ‘देशविरोधी’ और ‘लेफ्टिस्ट’ बताकर उनके सवालों से बचने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण ने ‘रिजीम बदलने’ की बात की है तो सरकार उन पर ही सवाल उठा रही है जबकि 2012 में वह कांग्रेस की तत्कालीन सरकार के खिलाफ यही बात कर रहे थे तो भाजपा उनके साथ थी। उन्होंने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनने से पहले खुद कहते थे कि लोग कांग्रेस सरकार को उखाड़़ फेंकना चाहते हैं लेकिन अब जब लोग भाजपा सरकार के बारे में यही बात कर रहे हैं तो उन्हें गुस्सा क्यों आ रहा है।

श्री खेड़ा ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से सवाल पूछे जा रहे हैं लेकिन जवाब मोदी सरकार दे रही है। उनका कहना था कि पहले प्रधानमंत्री से सवाल पूछे जाते थे तो ज्ञानेश कुमार जवाब देते थे और अब ज्ञानेश कुमार से सवाल हैं तो भाजपा सरकार जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मोदी सरकार हटाने के लिए तैयार क्यों नहीं है।

श्री खेड़ा ने कहा कि कांग्रेस पिछले 100 वर्षों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा के खिलाफ आवाज उठाती रही है। विश्वविद्यालयों, चुनाव आयोग और नौकरशाही समेत विभिन्न संस्थानों में संघ के लोगों को रखा जा रहा है। कांग्रेस इस विचारधारा का हमेशा विरोध करती रहेगी।

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष का कर्तव्य विरोध करना, सच्चाई सामने लाना और संभव हो तो सरकार को सत्ता से हटाना है। भाजपा को जब लोकतांत्रिक तरीके से सवालों का सामना करना पड़ता है तो उसे इस तरह का विरोध देशद्रोह लगने लगता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान के जरिए सरकार को चुनाव में हराने और व्यवस्था बदलने की बात कर रही है। चुनाव के जरिए सत्ता परिवर्तन लोकतंत्र का हिस्सा है और इंडिया गठबंधन इसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से बदलाव चाहता है।

 

 

Next Post

दिल्ली में एसआईआर के खिलाफ आंदोलन तेज करेगा इंडिया गठबंधन, 1 नवंबर की रैली को सफल बनाने का संकल्प

Fri Oct 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) इंडिया गठबंधन के घटक दलों की शुक्रवार को यहां आयोजित बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया, मतदाता सूची से कथित तौर पर लाखों नाम हटाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन तेज करने पर चर्चा हुई। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की यहां […]

You May Like

Play sound