नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) इंडिया गठबंधन के घटक दलों की शुक्रवार को यहां आयोजित बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया, मतदाता सूची से कथित तौर पर लाखों नाम हटाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आंदोलन तेज करने पर चर्चा हुई।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की यहां राजीव भवन स्थित कार्यालय में हुई बैठक में दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों, पत्रकारों, महिला कार्यकर्ताओं और छात्र-युवाओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए निंदा की गयी। नेताओं ने जंतर-मंतर को दोबारा विरोध स्थल घोषित करने की मांग की।
बैठक में अंकिता भंडारी हत्याकांड की गहन जांच और जांच पूरी होने तक दुष्यंत कुमार गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने का निर्णय लंबित रखने की मांग भी की गई। इंडिया गठबंधन ने 23 अक्टूबर को मोहल्लों और बस्तियों में विरोध कार्यक्रम और एक सप्ताह तक प्रचार अभियान चलाने का निर्णय लिया। सभी दलों ने एक नवंबर की प्रस्तावित रैली सफल बनाने पर सहमति जतायी।
बैठक में कांग्रेस नेता अनिल भारद्वाज, अनुज आत्रेय, अनुराग सक्सेना, सुबीर बेनर्जी, माकपा से दिनेश वार्ष्णेय, अबसार अहमद, भाकपा से अमरनाथ तिवारी, भाकपा (एम.एल) से आर एस डागर, आरएसपी से धर्मेन्द्र कुमार वर्मा और हरी शंकर फॉरवर्ड ब्लॉक से नवल किशोर और राजद से आईन अहमद सिद्दीकी शामिल हुए।