
सिवनी, सिवनी जिले के चर्चित केवलारी डबल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी और विचाराधीन बंदी संकेत ठाकुर की शुक्रवार देर रात जेल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार संकेत ठाकुर सिवनी जेल में विचाराधीन कैदी के रूप में बंद था। शुक्रवार देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया गया है।
संकेत ठाकुर केवलारी थाना क्षेत्र में 16-17 मई 2025 की दरमियानी रात हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। इस वारदात के बाद केवलारी क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई थी। घटना के विरोध में अगले दिन लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था। विरोध प्रदर्शन के दौरान आगजनी और चक्काजाम जैसी स्थिति भी बनी थी, जिसके बाद पुलिस और
प्रशासन को कानून-व्यवस्था संभालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।
दोहरे हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने संकेत ठाकुर सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले में संकेत ठाकुर के अलावा उसके पिता, मां, बहन और चचेरे भाई के भी जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में मुख्य आरोपी की जेल के भीतर अचानक हुई मौत ने पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।
संकेत ठाकुर की मौत के बाद जेल प्रशासन द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी अन्य कारण की पुष्टि होती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल प्राथमिक जानकारी में हार्ट अटैक की आशंका सामने आ रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
