मुंबई | भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का सोमवार को मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 12 अप्रैल को ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस लेने वाली ‘आशा ताई’ के निधन से देश में शोक की लहर है। अंतिम संस्कार के दौरान महाराष्ट्र पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस भावुक क्षण में संगीत और सिनेमा जगत की तमाम हस्तियां मौजूद रहीं, जिन्होंने अपनी प्रिय गायिका को अंतिम विदाई दी।
अंतिम विदाई के दौरान सबसे हृदयविदारक दृश्य तब देखने को मिला जब आशा जी की पोती जनाई भोसले अपने आंसू नहीं रोक सकीं। खुद एक गायिका होने के नाते जनाई अपनी दादी के बेहद करीब थीं और उन्हें अपना मार्गदर्शक मानती थीं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में जनाई को फूट-फूटकर रोते हुए देखा गया, जहाँ दिग्गज अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे उन्हें संभालती और सांत्वना देती नजर आईं। जनाई का अपनी दादी के प्रति यह गहरा लगाव देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
आशा भोसले को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद सिराज भी पहुंचे। रणवीर सिंह ने शोक संतप्त जनाई को गले लगाकर ढांढस बंधाया, जबकि सिराज भी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े नजर आए। शनिवार को सीने में संक्रमण और थकान के चलते अस्पताल में भर्ती होने वाली आशा जी ने 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से भारतीय संगीत का एक स्वर्णिम युग समाप्त हो गया है।

