
भोपाल। अशोका गार्डन इलाके में कॉलेज की छात्राओं के साथ हुए बलात्कार और वीडियो बनाने के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पांचवें फरार आरोपी, नबील खान को गिरफ्तार कर लिया है। नबील, जो एफआईआर दर्ज होने के बाद बंगाल भाग गया था, पुलिस को चकमा देकर वापस भोपाल लौट आया था और छिपने की कोशिश कर रहा था।
अशोका गार्डन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नबील को धर दबोचा। उसकी आखिरी लोकेशन पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में ट्रेस हुई थी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए वापस भोपाल आ गया था। पुलिस का मानना है कि उसे लगा था कि पुलिस टीमें अब भी बिहार और बंगाल में उसकी तलाश कर रही होंगी।
इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक पांच आरोपी – फरहान, साद, अली, साहिल और अब नबील – सलाखों के पीछे पहुँच चुके हैं। पुलिस अब छठे और आखिरी फरार आरोपी, अबरार की तलाश में जुटी हुई है। एक विशेष पुलिस टीम अबरार को पकड़ने के लिए बिहार में डेरा डाले हुए है.
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि नबील खान और अबरार की इस घिनौने अपराध में महत्वपूर्ण भूमिका थी। वे दोनों ही लड़कियों को पढ़ाई या पार्टी के बहाने अपने कमरों पर बुलाते थे, जहाँ पहले से ही मुख्य आरोपी फरहान और अन्य साथी मौजूद रहते थे। कमरे में पहले से ही वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए मोबाइल फोन सेट कर दिए जाते थे और लड़कियों को नशीला पदार्थ मिलाकर सिगरेट पिलाई जाती थी।
मास्टरमाइंड फरहान खान, जो पहले ही गिरफ्तार हो चुका है, नबील खान के कमरे का इस्तेमाल लड़कियों के साथ बलात्कार करने के लिए करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लड़कियों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाते थे और फिर फरहान उनके साथ बारी-बारी से बलात्कार करता था। इन आपत्तिजनक वीडियो को सभी आरोपी आपस में साझा करते थे और लड़कियों को ब्लैकमेल कर उनका यौन शोषण करते थे।
पुलिस ने नबील का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसके लैपटॉप को भी जब्त करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर इस पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश करेगी। उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की संभावना है।
इस बीच, पुलिस आरोपियों के वित्तीय स्रोतों की भी जांच कर रही है। फरहान, जो एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखता है, एक महंगी स्पोर्ट्स बाइक और महंगे मोबाइल फोन का शौकीन था। अन्य आरोपियों का भी इसी तरह का विलासितापूर्ण जीवनशैली थी। पुलिस को उनके क्रिकेट सट्टे में शामिल होने के भी सबूत मिले हैं, जिसके चलते उनके फंडिंग कनेक्शन की जांच की जा रही है।
भोपाल पुलिस अब छठे आरोपी अबरार को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। उसकी आखिरी लोकेशन भी मुर्शिदाबाद में मिली थी, लेकिन वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
