
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने महान क्रांतिकारी सुखदेव की जयंती तथा फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दोनों महान विभूतियों को याद करते हुए उनके साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को देश के लिए अमूल्य बताया।
डॉ यादव ने कहा कि मां भारती के अमर सपूत और महान क्रांतिकारी सुखदेव का अदम्य साहस एवं बलिदान युवाओं के हृदय में राष्ट्रसेवा की भावना का दीप सदैव प्रज्वलित रखेगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए सुखदेव का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।
वहीं, फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका साहस, अनुशासन और सशक्त नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी और अविस्मरणीय रहेगा।
