
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल में जून 2026 में पदोन्नत सहायक अभियंताओं एवं सहायक अधिकारियों के लिए होराइजन कार्यक्रम के तहत छह दिवसीय प्रथम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का शुभारंभ और समापन महाप्रबंधक (मानव संसाधन) हेमराम पटेल ने किया। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (एचआर डेवलपमेंट) आरिफ अहमद सिद्दीकी सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नव पदोन्नत प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए हेमराम पटेल ने कहा कि होराइजन कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यवेक्षकों को उनकी नई भूमिका एवं जिम्मेदारियों के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षण में कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, तनाव प्रबंधन और कार्यस्थल की दक्षता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जोर दिया गया।
उन्होंने प्रतिभागियों से सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ नेतृत्व करने, टीम भावना से कार्य करने और सभी को साथ लेकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त उपयोगी सीख और अनुभवों में से कम से कम एक-दो बातों को कार्य एवं व्यक्तिगत जीवन की दिनचर्या में शामिल किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान संवादात्मक सत्र भी हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में कुल 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
