
सिंगरौली । आजादी के अमृत महोत्सव एवं हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कल 14 अगस्त को आयोजित होने वाली तिरंगा रैली की तैयारियों को लेकर नगर पालिक निगम सिंगरौली के अध्यक्ष देवेश पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रैली को व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
ननि अध्यक्ष ने रैली के निर्धारित मार्ग, सहभागिता, यातायात, साफ.-सफाई, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगा रैली देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। रैली में अधिक से अधिक नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रैली मार्ग एवं आयोजन स्थल पर विशेष साफ.-सफाई व्यवस्था रखने, आवश्यक स्थानों पर पेयजल उपलब्ध कराने तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही रैली के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनसम्पर्क विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। तिरंगा रैली 14 अगस्त को प्रात: 9 बजे राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न से प्रारंभ होगी।
