जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत सगड़ा मैदान में शराबखोरी के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद कातिल मौके से फरार हो गया । सूचना मिलते ही पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंच गई और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार सगड़ा निवासी शिवम पटेल पिता राकेश पटेल 25 वर्षीय चाय दुकान में काम करता था ।
रोजाना की तरह सुबह वह काम पर चला गया था। रात मेंं शिवम अपने दोस्त दिलीप और भीम पटेल के साथ सगड़ा मैदान में साथ समय बिता रहे थे। इस दौरान उन्होंने शराब पार्टी भी की । इसके बाद भीम और शिवम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि भीम ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में शिवम बुरी तरह घायल हो गया और बेहाश हो गया।
दोस्त ने घर पहुंच सुनाई वारदात
वारदात को अंजाम देने के बाद भीम मौके से फरार हो गया जबकि दिलीप शिवम के घर पहुंंचा और परिजनों को पूरी वारदात से अवगत कराया । जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और खून से सने शिवम को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया ।
