लिस्बन, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स को 2028 T20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल क्वालिफायर के लिए पुर्तगाल की टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
पुर्तगाल ने 2028 T20 वर्ल्ड कप के क्वालीफायर के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। सबसे खास बात ये है कि ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके मोइसेस हेनरिक्स को पुर्तगाल की कप्तानी सौंपी गई है। 39 साल के हेनरिक्स पहली बार पुर्तगाल की टीम की कमान संभालेंगे।
पुर्तगाल को ग्रुप-B में रखा गया है, जहां उसका सामना 14 से 20 अगस्त तक फिनलैंड में होने वाले सब-रीजनल क्वालिफायर टूर्नामेंट में इजराइल, जर्मनी, ग्रीस और चेकिया से होगा।
कौन है मोइसेस हेनरिक्स ?
हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल के फंचाल शहर में हुआ था। हालांकि, बचपन में ही उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया, जहां उन्होंने क्रिकेट खेलना शुरू किया। उन्होंने न्यू साउथ वेल्स के लिए घरेलू क्रिकेट खेला और शानदार प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाई।
हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 45 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। पिछले महीने उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया था, लेकिन विदेशी क्रिकेट खेलना जारी रखने की बात कही थी। अब वो पुर्तगाल के लिए नई भूमिका में नजर आएंगे।
कब और किससे होगा मुकाबला?
पुर्तगाल की टीम T20 वर्ल्ड कप यूरोप सब-रीजनल क्वालीफायर के ग्रुप बी में है। टीम को 14 से 20 अगस्त के बीच इजराइल, जर्मनी, ग्रीस और चेकिया के खिलाफ मुकाबले खेलने हैं। ग्रुप की विजेता टीम 21 अगस्त को ग्रुप ए की विजेता टीम से फाइनल खेलेगी।
क्वालीफायर जीतने वाली टीम स्कॉटलैंड, जर्सी और डेनमार्क के साथ यूरोपियन रीजनल फाइनल में पहुंचेगी। यहां से शीर्ष दो टीमें ग्लोबल क्वालीफायर में जगह बनाएंगी। सभी टीमों का लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले 2028 T20 वर्ल्ड कप का टिकट हासिल करना होगा।
पुर्तगाल का स्क्वॉड
मोइसेस हेनरिक्स (कप्तान), क्रेग कैचोपा, एडवर्ड फ्लेमिंग, क्रिस्टोफर डी फ्रीटास, राहुलकुमार हशु, सिराज उल्लाह खादेम, हरदीप खुट्टन, जेरेमी मार्टिंस, धवलकुमार नोरोतम (विकेटकीपर), जॉर्डन नेट्टो, कार्लोस नून्स, सेबेस्टियन डी ओलिवेरा, उपेन शंटू और कैमरून शेकलटन।
37वें स्थान पर है टीम
आईसीसी की पुरुष T20ई रैंकिंग में पुर्तगाल की टीम फिलहाल 37वें स्थान पर है और वो पहली बार T20 वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश कर रही है। अब हेनरिक्स की कप्तानी में पुर्तगाल की नजरें यूरोपियन क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन कर 2028 T20 वर्ल्ड कप की ओर एक कदम बढ़ाने पर होंगी।
