इंदौर:मांगलिया स्थित तेल डिपो के सामने रुचि सोया की दुकान में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई. करीब 3.15 बजे सात्विक विहार के सामने भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं. संवेदनशील डिपो क्षेत्र होने के कारण पुलिस प्रशासन ने तत्काल अलर्ट जारी कर आसपास के रहवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया.
सूचना मिलते ही तीन दमकल मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
फायरकर्मियों ने जेसीबी की मदद से आसपास का हिस्सा हटाकर आग को फैलने से रोका. डिपो क्षेत्र में हजारों लीटर पेट्रोल डीजल का स्टॉक होने के कारण विशेष सतर्कता बरती गई. सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके के रास्ते बंद कर दिए और मुख्य मार्ग पर यातायात रोक दिया गया. इस दौरान तेल से भरे टैंकरों को डिपो के बाहर ही रोक दिया था. आग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने आसपास के घरों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. आग लगने की जांच की जा रही है.
