तिरूपति भगदड़ घटना में पुलिस अधिकारी, एसवी गौशाला निदेशक निलंबित

तिरूपति (वार्ता) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने तिरूपति में बुधवार रात हुई भगदड़ की घटना के दौरान श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए गुरुवार को कहा कि इस दुखद घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारी पुलिस उपायुक्त रमण कुमार और केन्द्र के प्रभारी एसवी गौशाला निदेशक डॉ. हरिनाथ रेड्डी समेत कई लोगों को निलंबित कर दिया गया है।

श्री नायडू ने यहां एसवीआईएमएस अस्पताल में इलाज करा रहे घायल श्रद्धालुओं से बातचीत के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) के संयुक्त कार्यकारी अधिकारी एमएस गौतमी, जिला पुलिस अधीक्षक सुब्बारायुडु और मुख्य सतर्कता एवं सुरक्षा अधिकारी श्रीधर का तबादला कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि वैकुंठ एकादशी वैकुंठ द्वार दर्शनम के लिए मुफ्त टोकन के लिए कतार में इंतजार करते समय तिरूपति के पास हुई भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की जान चली जाने की घटना ने उन्हें बहुत स्तब्ध और परेशान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैंने घटना पर न्यायिक जांच के भी आदेश दिए हैं,’ और वैकुंठ एकादशी के दिन भक्तों को परेशानी मुक्त वैकुंठ द्वार दर्शनम देने का संकल्प लिया है।

उन्होंने कहा कि तत्काल राहत उपाय के तौर पर मृतक परिवारों को 25 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को पांच लाख रुपये और अस्पताल में इलाज करा रहे 33 अन्य लोगों को दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है।

उन्होंने कहा कि जैसे ईसाइयों के लिए जेरूसलम, मुसलमानों के लिए मक्का, तिरुमाला हिंदुओं के लिए आजीवन तीर्थस्थल है।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि 10 जनवरी को घायल हुए लोगों को उनकी इच्छा के अनुसार विशेष व्यवस्था करके वैकुंठ एकादशी वैकुंठ द्वार दर्शनम प्रदान किया जाए।’

श्री नायडू ने तिरुपति में टोकन जारी करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जब उन्होंने घायल श्रद्धालुओं के साथ बातचीत की तो वे वैकुंठ एकादशी के दिन पहले दिन श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन करने के लिए अधिक भावुक महसूस कर रहे थे क्योंकि उनका दृढ़ विश्वास था कि यह उन्हें मोक्ष प्रदान करता है। लेकिन पिछले पांच वर्षों में तिरुमाला में वैकुंठ द्वारम को दस दिनों के लिए खोलकर तिरुपति में टोकन जारी करने की एक नई प्रणाली शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि यह नई संस्कृति आगम आधारित है या नहीं, हम नहीं जानते। हालाँकि, अधिकारी अगामा के विशेषज्ञों से परामर्श करेंगे और तीर्थयात्रियों के अनुकूल निर्णय लेंगे। तिरुमाला की सुरक्षा और पवित्रता को बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि टीटीडी बोर्ड और प्रशासन दोनों को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए समन्वय में काम करना चाहिए।

Next Post

हिमाचल प्रदेश शीतलहर की चपेट में कई जिले

Fri Jan 10 , 2025
शिमला (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम के करवट बदलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से राज्य में दो दिनों तक बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं कई जिलों में शीतलहर चलने व घना कोहरा रहने का यलो अलर्ट जारी किया […]

You May Like