ग्वालियर: ग्वालियर में कड़ाके की ठंड के साथ कोहरा कहर बरपा रहा है। आसमान में बादलों के छाए रहने और धुंध की वजह से आज रविवार दोपहर तक धूप भी नहीं निकली। मौसम विभाग की मानें तो ऐसी स्थितियां कल 22 दिसंबर को भी रह सकती हैं। इसके बाद मौसम में तब्दीली आएगी। चंबल संभाग में सभी जगहों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। सुबह के समय कुछ जगहों पर घना से बहुत घना कोहरा रहा।
अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 17 और 8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, सोमवार के लिए मध्यम कोहरा पड़ने की चेतावनी दी है। इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। समूचा ग्वालियर -चम्बल संभाग शीत लहर की चपेट में है और रात भर घना कोहरा छाया रहा जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। दृश्यता भी काफी घट गई है।
सुबह और रात के समय वातावरण में नमी का स्तर अधिक होने के कारण कोहरा देखने को मिल रहा है। इसके अलावा दोपहर बारह बजे तक सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए हैं। ऐसे में लोग दिन के समय भी अलाव का सहारा लेते दिख रहे हैं। बर्फीली सर्द हवाओं ने आसमान में डेरा जमाए रखा है। लोगों को दुपहरी में भी सिहरन महसूस हो रही है।
