सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास कोटा से नागपुर जा रहे अमोनिया गैस टैंकर से हुआ रिसाव, पुलिस और NDRF की मुस्तैदी से बची जान

सीहोर। दोराहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनाकच्छ टोल प्लाजा के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कोटा से नागपुर की ओर जा रहे अमोनिया गैस से भरे एक टैंकर में रिसाव शुरू हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही दोराहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टैंकर को टोल प्लाजा के समीप रुकवाया और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई तथा लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर बालागुरु के., एसपी सोनाक्षी सक्सेना भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. वहीं एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड तथा एनएफएल की तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर रिसाव को नियंत्रित करने और स्थिति को सुरक्षित बनाने के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाया.

एसडीओपी पूजा शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस एवं रेस्क्यू टीमों ने मोर्चा संभाल लिया था. विशेषज्ञों की मदद से गैस रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए गए और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी गई. अमोनिया गैस का रिसाव आबादी वाले क्षेत्र में फैलता तो गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती थी. हालांकि पुलिस, प्रशासन और तकनीकी टीमों की मुस्तैदी के कारण खतरे को टाल दिया गया. प्रारंभिक जांच और आवश्यक सुरक्षा उपायों के बाद शाम को टैंकर को पुलिस सुरक्षा के बीच विस्तृत तकनीकी जांच के लिए खरगोन रवाना किया गया.

Next Post

इंदौर में भारत-लैटिन अमेरिका निवेश फोरम 2026: 15 देशों के राजनयिक होंगे शामिल, सीएम डॉ यादव करेंगे शुभारंभ

Thu Jun 4 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत और अंतर्राष्ट्रीय व्यापारिक समुदाय के लिए आकर्षक निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है। इसी क्रम में निवेश, निर्यात और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारियों को नई गति देने के उद्देश्य से 6 जून को इंदौर में […]

You May Like

मनोरंजन