इस्लामाबाद, 16 फरवरी (वार्ता) पाकिस्तान के दक्षिणी प्रांत सिंध में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक कार और ट्रेलर की टक्कर में कम से कम छह लोगों की मौत हो गयी। राहत एवं बचाव दल के अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा नौशहरो फिरोज जिले में हुआ जब प्रांत की राजधानी कराची जा रही एक तेज रफ्तार कार एक ट्रेलर से टकरा गयी। अधिकारी ने कहा, “टक्कर बहुत जोरदार थी और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। सभी छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी।”
बचाव टीमों ने शवों को पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां सभी पीड़ितों की मौत की पुष्टि हो गयी। पुलिस ने कहा कि वे हादसे के सही कारण की जांच कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि यह हाल के दिनों में सिंध में हुई पहली सड़क दुर्घटना नहीं है। इसी प्रांत में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बस और ट्रेलर की टक्कर में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गयी थी और 10 अन्य घायल हुए थे। इसके अलावा शुक्रवार को सिंध में एक सड़क दुर्घटना में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई थी।

