दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन संकटों में से एक का सामना कर रहा है सूडान : संरा

खार्तूम, 01 सितंबर (वार्ता) सूडान में विनाशकारी युद्ध शुरू हुए तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद लाखों लोग विस्थापित हैं तथा तेज होती लड़ाई, नष्ट हो चुके बुनियादी ढांचे और मौसमी बाढ़ ने संकट को और गहरा कर दिया है।

संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी ने इसे “दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन संकटों में से एक” बताया है।संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, पिछले वर्ष के अंत से मध्य सूडान के कोर्दोफान क्षेत्र में लड़ाई तेज होने के कारण दो लाख से अधिक लोग नए सिरे से विस्थापित हुए हैं। क्षेत्र के सबसे बड़े शहर अल-ओबैद में पानी और बिजली के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों से नागरिकों की स्थिति और खराब हो रही है।

अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (आईओएम) ने पिछले सप्ताह एक नयी चेतावनी जारी करते हुए कहा कि पड़ोसी उत्तर दारफुर में मौसमी बाढ़ पहले से गहराते मानवीय संकट को और गंभीर बना रही है।

आईओएम की महानिदेशक एमी पोप ने कहा, “चेतावनी के संकेतों को नजरअंदाज करना असंभव है।” उन्होंने कहा कि सूडान “दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन संकटों में से एक” का सामना कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि तत्काल कार्रवाई नहीं की गयी तो घर छोड़ने को मजबूर परिवारों की पीड़ा और बढ़ेगी।

सूडान अप्रैल 2023 से सेना और अर्द्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के बीच युद्ध की चपेट में है। संयुक्त राष्ट्र के आंकड़ों सहित अंतरराष्ट्रीय अनुमानों के अनुसार, संघर्ष में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और लाखों लोग अपने घरों से विस्थापित हुए हैं।

अल-ओबैद स्थित कोर्दोफान के शेकान जिले में संकट का पैमाना विशेष रूप से गंभीर है। सूडान ट्रिब्यून के हवाले से 2022 की जनगणना के आंकड़ों के अनुसार, अल-ओबैद की आबादी करीब 7.5 लाख थी। समाचार पत्र ने सूडान के मानवीय सहायता आयोग के हवाले से बताया कि विस्थापित लोगों की बड़ी संख्या के कारण शहर की आबादी अब बढ़कर करीब 34 लाख हो गयी है और इनमें लगभग आधे विस्थापित लोग हैं।

विस्थापन का संकट केवल कोर्दोफान तक सीमित नहीं है। आईओएम के अनुसार, ब्लू नाइल राज्य में 78,000 लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि अगस्त के पहले पखवाड़े में पश्चिम दारफुर में 18,000 अन्य लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।

आईओएम के अनुसार, उत्तर दारफुर के ताविला क्षेत्र में भारी बारिश से करीब 1,350 मकान क्षतिग्रस्त हुए और एक हजार से अधिक परिवार विस्थापित हुए। काबकाबिया और शांगील तोबाया कस्बों में आई बाढ़ के कारण भी दर्जनों परिवारों को अस्थायी आश्रयों में जाना पड़ा।

मानवीय संकट उस समय और जटिल हो रहा है जब पहले देश छोड़कर जा चुके लाखों सूडानी वापस लौट रहे हैं। आईओएम के अनुसार, पिछले 18 महीनों में 45 लाख से अधिक लोग सूडान लौट चुके हैं, जिनमें बड़ी संख्या राजधानी खार्तूम लौटने वालों की है।

इनमें से कई लोग ऐसे क्षेत्रों में लौट रहे हैं जहां पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं और स्कूलों जैसी आवश्यक सुविधाएं नष्ट हो चुकी हैं या अब भी उपलब्ध नहीं हैं।

सूडान के कृषि एवं सिंचाई मंत्री डॉ. इस्मत कुरैशी ने खाद्य सुरक्षा, कृषि, सिंचाई, कृषि सामग्री उपलब्ध कराने और स्थानीय उत्पादन को समर्थन देने के क्षेत्रों में विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) के साथ सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया।

सूडान में डब्ल्यूएफपी के प्रतिनिधि अब्दुल्ला अल-वरदात के साथ बैठक में मंत्री ने मंत्रालय और कार्यक्रम के बीच सहयोग एवं संयुक्त परियोजनाओं के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को समर्थन देने और मौजूदा चुनौतियों से निपटने की उसकी क्षमता बढ़ाने के लिए सूडान में लागू की जा रही कई पहलों को सक्रिय करने के तरीकों पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि सूडान के पास प्राकृतिक संसाधन और तकनीकी क्षमताएं हैं, जो उसे राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर खाद्य सुरक्षा हासिल करने में सक्षम बनाती हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संगठनों और विकास साझेदारों के साथ संयुक्त कार्यक्रमों और परियोजनाओं के क्रियान्वयन के जरिये इन क्षमताओं का उपयोग करना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कृषि एवं सिंचाई मंत्रालय विश्व खाद्य कार्यक्रम के साथ सहयोग के लिए तैयार है और इस बात पर जोर दिया कि मंत्रालय को ऐसे वास्तविक साझेदारों तथा सतत विकास संबंधी समाधानों की आवश्यकता है, जो कृषि क्षेत्र के पुनर्निर्माण और उत्पादकों को समर्थन देने में योगदान कर सकें।

Next Post

बकरों की चोरी करने वाला गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

Tue Sep 1 , 2026
छिंदवाड़ा. बिछुआ पुलिस ने बकरो की चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी किए गए दो बकरे बरामद किया है. पुलिस ने बताया कि ग्राम खमारपानी में नारायण पिता नन्हू बिसन के कोठे में बंधे चार बकरे 12 जुलाई को अज्ञात चोर चोरी […]

You May Like

मनोरंजन