
छिंदवाड़ा। पर्यटन ग्राम सावरवानी अपनी खूबसूरती के कारण देश-विदेश के पर्यटकों के साथ अब बंगाल फिल्म इंडस्ट्री को भी भा गया है। सावरवानी में बंगाल से आई टीम ने बंगाली भाषा में बन रही फिल्म की शूटिंग की। एक सप्ताह तक चलने वाली शूटिंग के दौरान फिल्म का आखिरी शेड्यूल पूरा किया जा रहा है। दिसंबर माह में दो अन्य फिल्मों की शूटिंग भी यहां पर प्रस्तावित है। प्रशासन द्वारा पर्यटन विकास से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जा रही है। ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध करवाने व होम स्टे के प्रमोशन के लिए बेहतरीन प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में सतपुड़ा की गोद में बसे पर्यटन ग्राम सावरवानी इन दिनों फिल्मी रंग में रंगा है। यहां फिल्म ‘रायसेन रहस्यÓ की शूटिंग पिछले एक सप्ताह से चल रही है। शूटिंग के चलते गांव के सभी होमस्टे पूरे एक सप्ताह के लिए फुल बुक हैं और गंाव में लाइट, कैमरा, एक्शन की गूंज है। इस शूटिंग से गांव के लोगों को बड़ा रोजगार मिला है। युवाओं को शूटिंग टीम में सहयोगी के तौर पर काम मिला है, तो महिलाएं भोजन व्यवस्था और मेहमाननवाजी संभाल रहीं हैं। फिल्म की शूटिंग इस गांव की उपलब्धियों में एक नया अध्याय है। अब तक होमस्टे टूरिज्म और संस्कृति संरक्षण के लिए राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान पा चुका यह छोटा सा गांव सावरवानी अब शूटिंग हब के रूप में पहचान बनाने की दिशा में बढ़ रहा है।
