
जबलपुर। पमरे के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार की रात प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर लावारिस बैग और बंदूक मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बैग को कब्जे में लेकर जांच शुरू की, बाद में पता चला कि बैग एक निजी कंपनी के सुरक्षा गार्ड का था, जो नशे की हालत में जल्दबाजी में उसे प्लेटफॉर्म पर छोड़कर चला गया था।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि रात करीब 11:10 बजे सफाईकर्मी बन्नो वंशकार ने प्लेटफॉर्म-6 के मुख्य द्वार (गेट नंबर-5) के पास नीले रंग का लावारिस बैग होने की सूचना दी। इसके बाद उप निरीक्षक प्रवीण कुमार और आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची। गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बैग से 12 बोर की एक लाइसेंसी एकनाली बंदूक, 65 एमएम के दो जिंदा कारतूस, गन साफ करने का सामान, नोकिया का की-पैड मोबाइल, फास्टट्रैक की घड़ी, कपड़े और अन्य सामान बरामद हुआ। आरपीएफ ने मौके पर पंचनामा तैयार कर बैग के मालिक की तलाश शुरू की।
आधार कार्ड से हुई पहचान
बैग में मिले आधार कार्ड और डायरी में दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर आरपीएफ ने मालिक से संपर्क किया। कुछ देर बाद बैग का मालिक पोस्ट पहुंचा, उसने अपना नाम भगत सिंह तोमर (42) निवासी कोंथर कला, जिला मुरैना बताया। उसने बताया कि वह जीआरएम कंपनी, बिलपठार (जबलपुर) में सुरक्षा गार्ड है और ग्वालियर जाते समय नशे की हालत में बैग प्लेटफॉर्म पर ही भूल गया था।
किया दस्तावेज मिलान
आरपीएफ ने भगत सिंह के शस्त्र लाइसेंस और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन किया, जो वैध पाए गए। इसके बाद करीब 80 हजार रुपए कीमत का बैग, लाइसेंसी बंदूक, कारतूस, मोबाइल और अन्य सामान नियमानुसार उन्हें वापस सौंप दिया।
