नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) एयर इंडिया की थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रहे विमान में 04 अगस्त को टर्बुलेंस के कारण घायल सभी 13 यात्रियों को अस्पताल से छुट्टी मिल गयी है। एयर इंडिया ने बुधवार को अपराह्न 3.30 बजे तक का अपडेट जारी करते हुए बताया कि अस्पताल में भर्ती कराये गये सभी 13 यात्रियों को डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी है। हालांकि चालक दल के चारों घायल सदस्य अब भी अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया की उड़ान संख्या एआई2379 को 04 अगस्त को फुकेट से दिल्ली आते समय रास्ते में एयर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस हादसे में विमान एक ही झटके में हवा में 300 फीट नीचे आ गया। इससे 13 यात्री और चालक दल के चार सदस्य चोटिल हो गये थे। विमान में उस समय तीन शिशुओं समेत 137 यात्री सवार थे। चालक दल में आठ सदस्य थे। यह फ्रांसीसी कंपनी एयरबस का ए320निओ विमान था। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने विमान का ब्लैक बॉक्स (फ्लाइट डाटा रिकॉर्डर) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर जांच के लिए जब्त कर लिया है।

