कोलकाता, 02 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) इन दिनों गंभीर राजनीतिक संकट और अंदरूनी कलह का सामना कर रही है, जिससे पार्टी में टूट की अटकलें तेज हो गई हैं।
उल्लेखनीय है कि यह हलचल पिछले दिनों एक फर्जी हस्ताक्षर विवाद, पार्टी विरोधी गतिविधियों और सुश्री ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई बैठकों में विधायकों की भारी अनुपस्थिति के बाद शुरू हुई है।
सोमवार को राजनीतिक अनिश्चितता तब और गहरी हो गई, जब टीएमसी से निष्कासित विधायकों ऋतब्रत बंद्योपाध्याय और संदीपान साहा तथा पार्टी के कई मौजूदा विधायकों के बीच नयी बैठकों की खबरें सामने आईं। इन बैठकों ने सुश्री ममता बनर्जी और श्री अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व के खिलाफ बड़े पैमाने पर बगावत की संभावना पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार सोमवार शाम कोलकाता के विधायक हॉस्टल में एक बैठक हुई, जिसमें श्री ऋतब्रत बंद्योपाध्याय और श्री संदीपान साहा के साथ टीएमसी के कई विधायक मौजूद थे। गौरतलब है कि श्री ऋतब्रत और श्री संदीपान को हाल ही में ‘हस्ताक्षर फर्जी विवाद’ के चलते पार्टी से निष्कासित किया गया था।
बैठक में शामिल होने वालों में मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों के विधायकों के साथ-साथ सुश्री सेउली साहा भी शामिल थीं। टीएमसी के सूत्रों ने दावा किया कि चर्चा में लगभग 15 से 16 विधायकों ने हिस्सा लिया। विधायक हॉस्टल से निकलते समय सुश्री सेउली साहा द्वारा की गई एक टिप्पणी ने इन अटकलों को और हवा दे दी। यह इनकार करते हुए कि उन्होंने किसी राजनीतिक बैठक में हिस्सा लिया था, उन्होंने कहा कि वह हॉस्टल में अपने कमरे का मुआयना करने गई थीं और वहीं उनकी मुलाकात श्री ऋतब्रत और श्री संदीपान से हो गई।
उनकी यह टिप्पणी कि हालांकि ‘उन्हें विधायक पद से नहीं बल्कि केवल पार्टी से निष्कासित किया गया है’ कई लोगों द्वारा एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संकेत के रूप में समझी गई।
इस घटनाक्रम से उन अटकलों को और बल मिला है कि बागी विधायक अब पार्टी नेतृत्व को औपचारिक रूप से चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं।
सूत्रों ने संकेत दिया कि बागी विधायकों का एक समूह मंगलवार को ही पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष को एक पत्र सौंप सकता है, जिसमें वे खुद को ‘असली तृणमूल कांग्रेस’ का प्रतिनिधि होने का दावा करेंगे।
इस प्रस्तावित कदम का उद्देश्य श्री ऋतब्रत बंद्योपाध्याय के नेतृत्व में एक अलग विधायी समूह के रूप में मान्यता प्राप्त करना है।
