शेफ्लर इंडिया ने अमित भालेराव को सीओओ नियुक्त किया

नयी दिल्ली, 11 अगस्त (वार्ता) मोशन टेक्नोलॉजी क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी शेफ्लर इंडिया ने मंगलवार को अमित भालेराव को अपना मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) नियुक्त करने की घोषणा की।

कंपनी ने बताया कि उनकी नियुक्ति 10 अगस्त 2026 से प्रभावी हो गयी है। इस भूमिका में वह भारत में कंपनी के विनिर्माण परिचालन का नेतृत्व करेंगे। साथ ही, वे परिचालन उत्कृष्टता, विनिर्माण रणनीति, डिजिटल परिवर्तन और क्षमताओं के विकास को आगे बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होंगे।

श्री भालेराव कंपनी के विभिन्न व्यवसायों और कार्यात्मक विभागों के प्रमुखों के साथ मिलकर काम करेंगे। उनका उद्देश्य कंपनी के विनिर्माण नेटवर्क को बेहतर बनाना, परिचालन प्रदर्शन को बढ़ाना, स्थानीयकरण की पहलों को गति देना और कंपनी के विभिन्न संयंत्रों में भविष्य के लिए तैयार विनिर्माण क्षमताओं का निर्माण करना होगा।

शेफ्लर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हर्ष कदम ने कहा कि भारत कंपनी के लिए लगातार एक रणनीतिक विकास बाजार बना हुआ है। श्री भालेराव के पास जटिल विनिर्माण परिचालनों का नेतृत्व करने, परिचालन उत्कृष्टता बढ़ाने और उच्च प्रदर्शन करने वाली टीमों के निर्माण का व्यापक अनुभव है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनके नेतृत्व से कंपनी की विनिर्माण प्रतिस्पर्धात्मकता, ग्राहक-केंद्रित रुख और नवाचार क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी।

श्री भालेराव के पास विनिर्माण, परिचालन, कारोबार उत्कृष्टता, लीन ट्रांसफॉर्मेशन, गुणवत्ता और आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन के क्षेत्र में 23 वर्षों से अधिक का वैश्विक नेतृत्व अनुभव है।

शेफ्लर इंडिया में शामिल होने से पहले वह केल्वियोन इंडिया में प्रबंध निदेशक के पद पर थे। इससे पहले वह कमिंस, ईटोन और स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज समेत कई कंपनियों में काम कर चुके हैं।

 

Next Post

सुसाइड नोट में तबादले को लेकर छलका दर्द

Tue Aug 11 , 2026
  सिंगरौली । पुलिस विभाग के स्पेशल ब्रांच में पदस्थ में कार्यरत प्रधान आरक्षक राकेश गांगले की आत्महत्या ने पुलिस मुख्यालय भोपाल की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सुसाइड नोट में तबादले को लेकर लिखी गई बातों ने महकमे के भीतर की उस पीड़ा को उजागर किया […]

You May Like