मुंबई, 09 अक्टूबर (वार्ता) देश की सबसे बड़ी सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका द्वारा विदेशी कर्मचारियों की स्थायी भर्ती पर रोक का उस पर कोई असर नहीं होगा।
अमेरिका ने गुरुवार को आठ कंपनियों के लिए स्थायी श्रमिक प्रमाणन (पीईआरएम) कार्यक्रम समाप्त करने की घोषणा की। इनमें चार भारतीय, तीन अमेरिकी और एक फ्रांसीसी कंपनी है। अमेरिका के श्रम मंत्री कीथ सोंडर्लिंग ने व्हाइट हाउस में एक प्रेस वार्ता में बताया कि अब ये कंपनियां इस कार्यक्रम में कोई नया आवेदन नहीं कर सकेंगी। पहले से लंबित आवेदन भी रद्द कर दिए जाएंगे।
भारतीय कंपनियों में इंफोसिस, टाटा (टीसीएस), एचसीएल टेक्नोलॉजीज और विप्रो का नाम इस सूची में शामिल है। इनके अलावा अमेरिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट, एडॉबी तथा कॉग्निजेंट और फ्रांस की कंपनी कैपजेमिनी पर भी यह प्रतिबंध लगाया गया है। श्री सोंडर्लिंग ने कहा कि ये कंपनियां अमेरिकी नागरिकों को नौकरी देने की बजाय उनकी छंटनी करके उनकी जगह पर विदेशी नागरिक रख रही हैं।
टीसीएस ने आज शेयर बाजारों को जारी बयान में कहा कि पिछले दो साल में पीईआरएम के तहत उसके आवेदनों की संख्या एकल अंक में यानी 10 से भी कम रही है। इसलिए, इस आदेश से उसकी कार्यबल संबंधी रणनीति और ग्राहकों के साथ कारोबार पर कोई असर नहीं होगा।
कंपनी ने बताया कि उसने अमेरिकी सरकार के आदेश पर गौर किया है और उसका पूरी तरह पालन करेगी। स्थानीय लोगों की भर्ती अमेरिका में उसकी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वह पहले ही 15 हजार अमेरिकियों को भर्ती करने की अपनी योजना के बारे घोषणा कर चुकी हे।
टीसीएस का शेयर आज 6.2 प्रतिशत चढ़कर 2,204 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने गुरुवार की तिमाही परिणामों की घोषणा की थी। दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर उसका लाभ 7.6 प्रतिशत और राजस्व 11.2 प्रतिशत बढ़ गया। कंपनी ने 12 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की भी घोषणा की है।
Next Post
पवन सिंह के समर्थन से चर्चा में आईं सोनम मलिक, 'राइज एंड फॉल 2' में करेंगी वाइल्ड कार्ड एंट्री
Fri Oct 9 , 2026
मुंबई, 09 अक्टूबर (वार्ता) हरियाणा की युवा अभिनेत्री सोनम मलिक जल्द ही रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के सीजन 2 में वाइल्ड कार्ड प्रतियोगी के रूप में नजर आ सकती हैं। भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह के साथ काम करने और उनके समर्थन में बयान देने के बाद चर्चा में आईं […]

You May Like
-
9 months ago
सालबर्डी पुलिया से गिरी बोलेरो बाल-बाल बचा चालक
-
10 months ago
मंडी परिसर में कबाड़ वाहनों का अंबार
