भाई ने बताया था कि बहन ने तालाब में लगा दी है छलांग, सख्ती से पूछताछ में पता चला कि बदनामी से बचने रची झूठी कहानी

भिंड। भिंड जिले से ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है। पहले आशंका व्यक्त की जा रही थी कि युवती की गौरी सरोवर में डूबने से मौत हो गई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें गौरी सरोवर में युवती की तलाश कर रही थी। लेकिन अचानक से मामले में मोड़ आया और जांच की दिशा पूरी तरह से बदल गई है।
घर से लापता युवती के परिवार वालों ने ही उसके तालाब में कूदने की झूठी कहानी गढ़ी थी। सीतानगर निवासी आर्यन बघेल ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी बहन अंजलि के साथ स्कूटी से बाजार जा रहा था। इसी दौरान गौरी सरोवर के पास अंजलि ने स्कूटी रुकवाई। अपनी चप्पलें उतारीं और दुपट्टा किनारे रखकर तालाब में छलांग लगा दी।
एसडीआरएफ की टीम ने सर्च अभियान शुरू किया
सूचना मिलते ही भिंड पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। युवती की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अंधेरा होने के कारण शनिवार रात अभियान रोकना पड़ा। जिसके बाद रविवार सुबह दोबारा तलाश शुरू की गई। हालांकि, काफी मशक्कत के बावजूद पानी में युवती का कोई सुराग नहीं मिला। लगातार तलाश के बाद पुलिस को परिजनों के बयान पर संदेह हुआ।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
इसके बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। बताया गया कि फुटेज में आर्यन स्कूटी पर अकेला दिखाई दिया जबकि उसके साथ उसकी बहन मौजूद नहीं थी। इस अहम सुराग के बाद पुलिस ने आर्यन से सख्ती से पूछताछ की।

–अंजलि अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद पहुंच गई है। अब पुलिस परिवार के नए बयानों और युवती के बारे में मिली जानकारी की जांच कर रही है।
-शिव प्रताप सिंह, देहात थाना प्रभारी
पहले ही घर छोड़ चुकी थी अंजलि
पूछताछ में सामने आया कि अंजलि कुछ दिन पहले ही घर छोड़कर जा चुकी थी। पुलिस के अनुसार परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से उसके तालाब में कूदने की झूठी कहानी गढ़ी थी ताकि उसके घर छोड़ने की वास्तविक वजह छिपाई जा सके।
अहमदाबाद जा सकती है पुलिस
भिंड पुलिस की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अहमदाबाद जा सकती है। वह वहां अपने प्रेमी के साथ रह रही है। भिंड पुलिस ने इस नाटकीय घटनाक्रम का खुलासा कर राहत की सांस ली है। अब परिवार को अपनी गलती पर पछतावा हो रहा है।

Next Post

आईआईटी इंदौर के दो लोगों से साइबर ठगी, 1.72 लाख रुपए गंवाए

Tue Oct 27 , 2026
इंदौर: सिमरोल स्थित आईआईटी इंदौर से जुड़े दो लोगों को साइबर ठगों ने फर्जी लिंक के जरिए निशाना बनाया. जम्मू कश्मीर निवासी एक छात्र से ओटीपी लेकर 99 हजार 726 रुपए निकाल लिए, जबकि दूसरे व्यक्ति के साथ लिंक के जरिए 72 हजार 490 रुपए की धोखाधड़ी की गई. दोनों […]

You May Like