नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को मुख्यमंत्री जन सेवा सदन में आयोजित जनसुनवाई में राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से आये नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिये।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायतों के निस्तारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनता के विश्वास को मजबूत करने और सुशासन सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण मंच है। जनसुनवाई के दौरान पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत योजना, संपत्ति और नियमितीकरण समेत विभिन्न जनहित के मामलों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने सभी मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध समाधान और पात्र नागरिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। विशेष रूप से पेंशन संबंधी शिकायतों पर उन्होंने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्रत्येक मामले की जांच कर योग्य लाभार्थियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था लगातार मजबूत की जाती रहेगी, ताकि नागरिकों को जवाबदेह और पारदर्शी प्रशासन का लाभ मिल सके।

