अंधे मोड़ पर फिर हादसा: तेज रफ्तार कार द्वारकाधीश मंदिर की दीवार में घुसी, युवक घायल

सलामतपुर: भोपाल-विदिशा स्टेट हाईवे-18 पर स्थित द्वारकाधीश मंदिर के सामने बीती देर रात करीब डेढ़ बजे एक अनियंत्रित कार मंदिर की दीवार में जा घुसी, जिससे मंदिर का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार एक युवक घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय मंदिर में कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस के अनुसार, अमित रघुवंशी और देव बैरागी कार (एमपी04 टीबी 4502) से भोपाल से बासौदा जा रहे थे। सलामतपुर के पास अंधे मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर मंदिर की दीवार में घुस गई। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया, जबकि देव बैरागी को सिर में चोट आई। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मामले में चालक और मंदिर समिति के बीच आपसी समझौता होने के कारण पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
अंधा मोड़ बना हादसों की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, द्वारकाधीश मंदिर के सामने अंधा मोड़ होने से यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी कई वाहन मंदिर की दीवार से टकरा चुके हैं, जिसमें लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
भारी यातायात से बढ़ रहा खतरा
इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 10 हजार छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, जिनमें बसें, डंपर और भारी वाहन शामिल हैं। तेज रफ्तार और सुरक्षा संकेतकों की कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यहां सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।
इनका कहना है।
बीती देर रात एक कार अनियंत्रित होकर द्वारकाधीश मंदिर की दीवार से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर

Next Post

रिश्तेदारी का झांसा देकर कॉलेज छात्र से 2.07 लाख की ठगी

Wed Mar 18 , 2026
जबलपुर: कटंगी थाना क्षेत्र में मझौली कॉलेज में पढऩे वाले एक छात्र को उसकी बुआ के लडक़े का दोस्त बनकर अज्ञात जालसाज ने 2.07 लाख रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के मुताबिक आकाश यादव […]

You May Like