नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आधिकारिक आवास पर उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य के विकास जनकल्याण और शिक्षा सुधारों से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधारों और जनहित के मुद्दों पर रक्षा मंत्री से मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। श्री ढांडा ने श्री सिंह को हरियाणा सरकार की शिक्षा क्षेत्र की प्रमुख पहलों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन शैक्षणिक ढांचे के विकास तथा कौशल आधारित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि सरकार युवाओं को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आधुनिक और मूल्य आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक के दौरान श्री सिंह ने हरियाणा सरकार के शिक्षा सुधारों कौशल विकास और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं में देशभक्ति नैतिक मूल्यों और आधुनिक तकनीकी ज्ञान को बढ़ावा देने वाली नीतियों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। बैठक में राज्य के विकास युवा सशक्तिकरण और सामाजिक सद्भाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। श्री ढांडा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में राज्य को अग्रणी बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

