नोरा फतेही आज बॉलीवुड की टॉप डांसर्स में गिनी जाती हैं, लेकिन उनका सफर आसान नहीं था। हिंदी न आने पर नोरा फतेही का मजाक उड़ता था। सलमान खान के शो ‘बिग बॉस’ ने उनकी किस्मत बदल दी।
बॉलीवुड में अपनी खास पहचान बनाना आसान नहीं होता, खासकर तब जब कोई विदेशी कलाकार भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखे। नोरा फतेही ने न सिर्फ इस चुनौती को स्वीकार किया, बल्कि अपने टैलेंट, मेहनत और जज़्बे के दम पर खुद को आज ‘डांसिंग क्वीन’ के रूप में स्थापित कर लिया है। नोरा फतेही 6 फरवरी को अपना 34वां जन्मदिन मना रही हैं।
कनाडा में जन्मीं और मोरक्कन मूल की नोरा फतेही का सफर आसान नहीं रहा। एक रूढ़िवादी परिवार से आने वाली नोरा के घर में डांस को लेकर सख्ती थी। उन्होंने खुद कई बार इंटरव्यू में बताया है कि वह अपने कमरे में दरवाजा बंद करके चुपचाप डांस की प्रैक्टिस करती थीं, ताकि परिवार को भनक न लगे। बॉलीवुड में कदम रखने के बाद भाषा एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई। हिंदी न आने की वजह से ऑडिशन के दौरान उन्हें कई बार ताने सुनने पड़े और मजाक का सामना करना पड़ा। कई मौके ऐसे भी आए जब वह टूट गईं और रो पड़ीं।
नोरा फतेही का करियर
संघर्ष के इसी दौर में नोरा फतेही के जीवन में सलमान खान का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 9’ एक बड़ा मोड़ साबित हुआ। वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिए शो में आई नोरा ने अपने डांस और आत्मविश्वास से दर्शकों का दिल जीत लिया। बिग बॉस ने उन्हें घर-घर तक पहचान दिलाई और यही वह प्लेटफॉर्म बना, जिसने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोल दिए।
दिलबर ने नोरा फतेही को बना दिया था स्टार
‘बिग बॉस’ के बाद नोरा के करियर ने रफ्तार पकड़ ली। ‘सत्यमेव जयते’ के गाने ‘दिलबर’ ने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। इसके बाद ‘ओ साकी साकी’, ‘कमरिया’, ‘मनहारी’ जैसे गानों में उनके दमदार डांस मूव्स ने उन्हें इंडस्ट्री की टॉप डांसर्स की लिस्ट में शामिल कर दिया। आज नोरा फतेही सिर्फ आइटम सॉन्ग्स तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फिल्मों, म्यूजिक वीडियो और इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स का भी हिस्सा बन चुकी हैं।
नोरा फतेही की जबरदस्त फैन फॉलोइंग
सोशल मीडिया पर नोरा की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और उनका हर डांस वीडियो मिनटों में वायरल हो जाता है। नोरा फतेही खुद मानती हैं कि अगर बिग बॉस न होता, तो शायद उन्हें अपनी पहचान बनाने में और लंबा वक्त लगता। आज वह लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा हैं, जो यह साबित करती हैं कि मेहनत और आत्मविश्वास के सामने कोई भी बाधा टिक नहीं सकती।
