डीईओ कार्यालय में अव्यवस्था की भरमार

इंदौर: बड़ा गणपति क्षेत्र में स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर में भारी अनियमितताओं और अव्यवस्थाओं का मामला सामने आया है. शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद परिसर में गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही का आलम बना हुआ है.

डीईओ कक्ष के ठीक सामने शिक्षा विभाग की वे किताबें, जो विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने के लिए आती हैं, अव्यवस्थित ढंग से जमीन पर ढेर लगाकर रखी गई हैं. किताबों को रद्दी की तरह पटककर छोड़ दिया गया है. हैरानी की बात यह है कि जिला शिक्षा अधिकारी से लेकर सहायक संचालक तक रोजाना इसी रास्ते से अपने कक्ष में प्रवेश करते हैं, लेकिन अब तक किसी की नजर इस अव्यवस्था पर नहीं पड़ी.

गाड़ी उतरने की जगह पर कचरे का ढेर
जिला शिक्षा अधिकारी जहां वाहन से उतरती हैं, उसी स्थान पर रोजाना कचरे का ढेर लगाया जाता है. सफाईकर्मी कचरा एकत्र कर वहीं आग लगा कर ठिकाने लगा देते हैं.

बंद पड़ा कैमरा, लाल पड़ा परिसर
मुख्य गेट के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा बंद पड़ा है. वहीं, जहां डीईओ की गाड़ी खड़ी होती है, उसके पास गुटखा खाने वालों ने दीवार के कोने को पीकदान बना दिया है. कोना पूरी तरह लाल हो चुका है, जिससे विभागीय अनुशासन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं.

जिम्मेदारों ने टाली बात
जब इस संबंध में संवाददाता ने सहायक संचालक से चर्चा करनी चाही, तो उन्होंने मामला टालते हुए जिला शिक्षा अधिकारी से बात करने को कहा. वहीं, जिला शिक्षा अधिकारी से मिलने का प्रयास किया गया तो उनके कर्मचारी ने जिला शिक्षा अधिकारी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में व्यस्त होने के कारण मिलने में असमर्थता बताई गई.

उठ रहे सवाल
बच्चों के लिए आई किताबें जमीन पर क्यों पड़ी हैं?
कार्यालय परिसर में नियमित सफाई और निगरानी क्यों नहीं?
बंद पड़े कैमरे को अब तक दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया?
शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभाग में इस प्रकार की लापरवाही प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती है

Next Post

दंगों पर बनी फिल्म ने दिलाया नेशनल अवॉर्ड, रातोंरात चर्चा में आए प्रकाश झा

Fri Feb 27 , 2026
प्रकाश झा की डॉक्यूमेंट्री फेसेस आफ्टर द स्टॉर्म उनके करियर का बड़ा टर्निंग प्वाइंट बनी। 1981 के बिहार दंगों पर आधारित इस फिल्म ने उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिलाया। सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर बेबाक फिल्में बनाने वाले मशहूर फिल्ममेकर Prakash Jha आज बॉलीवुड का जाना-पहचाना नाम हैं। लेकिन उनके […]

You May Like