
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित दनकौर थाना क्षेत्र के खेरली से गढ़ी की ओर जाने वाले रास्ते पर बनी झुग्गियों में सोमवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी। अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि सूचना पर दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर रवाना की गई हैं। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं तथा आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग तेजी से फैलने के कारण झुग्गियों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। फायर विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही आग पर पूरी तरह काबू पा लिया जाएगा। तथा तदोपरांत बाद अन्य जानकारी साझा की जाएगी।
