पटना, 25 मई 2026 (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत 10 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसरों में सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प में ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि सरकार की ओर से मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के अन्तर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार उन्हें प्रोत्साहित करते हुए अपने घरों पर सोलर प्लेट लगाने की योजना चला रही है, जिससे वे सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें।उन्होंने कहा कि इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और विद्युत उत्पादन क्षमता को बढ़ाने की दिशा में भी मदद मिलेगी।
श्री चौधरी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हरित एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना है और इसके लिए समग्र योजना पर कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी सोलर पैनल लगाए गए हैं, उनका समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में जीविका सदस्यों को सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।
