यमुनोत्री राजमार्ग पर भूस्खलन से चारधाम यात्रा प्रभावित

उत्तरकाशी, 08 जुलाई (वार्ता) उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान स्याना चट्टी के पास लगातार हो रहे भूस्खलन से चारधाम यात्रा प्रभावित हो रही है।

कल देर रात भारी मात्रा मे हुए भूस्खलन के कारण राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आ जाने से यातायात घंटों तक ठप रहा जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मार्ग बंद होने से राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि स्थानीय लोगों का आवागमन भी बाधित रहा। क्षेत्र में पिछले कुछ समय से राजमार्ग चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है और इस दौरान आए दिन भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य कर रही एजेंसी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा उपायों के अभाव में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ रही हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त एहतियात नहीं बरते जा रहे हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है।

भूस्खलन की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की मशीनों को मौके पर लगाया गया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया और मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए सुचारु करने के प्रयास किए गए।

प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने और मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की है।

Next Post

जनसुनवाईः पारिवारिक विवाद और जमीन संबंधी शिकायतें ज्यादा आईं

Wed Jul 8 , 2026
इंदौर: पुलिस कमिश्नर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 110 आवेदक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे. सबसे ज्यादा मामले पति पत्नी और बेटा बहू के विवाद, पैसों के लेन देन, प्लॉट मकान और जमीन संबंधी धोखाधड़ी, फाइनेंशियल फ्रॉड, दुकान पर कब्जा तथा महिला अपराध से जुड़े रहे. पुलिस कमिश्नर ने […]

You May Like