
सीधी। ग्रामीणों के हमले में रामपुर नैकिन के नायब तहसीलदार आज दोपहर करीब 3 बजे घायल हो गए। उन पर राड़ व पत्थर से हमला किया गया। घायल नायब तहसीलदार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन में भर्ती कराया गया है। रामपुर नैकिन थाना पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों पर अपराध पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार रामपुर नैकिन तहसीलदार में पदस्थ नायब तहसीलदार जयप्रकाश पांडेय आज दोपहर पडख़ुरी गांव में रेलवे अधिग्रहित जमीन की जांच करने गए हुए थे। इस दौरान तहसील में कार्यरत चौकीदार बृजलाल कोटवार का फोन आया कि मैं पटेहरा गांव में सीमांकन की सूचना तामिल करने आया था, जहां लोनिया समुदाय के कुछ लोग बस्ता छीनकर मुझे बंधक बना लिए हैं, जिस पर नायब तहसीलदार चौकीदार को छुड़वाने के लिए पटेहरा गांव पहुंचे। यहां आरोपी राजेंद्र लोनिया, दिलीप लोनिया, सनत लोनिया सहित अन्य चार-पांच लोग चौकीदार के साथ मारपीट कर रहे थे। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने अपना परिचय देते हुए चौकीदार को छुड़वाने का प्रयास किए, जिस पर आरोपियों ने राड़ व पत्थर से नायब तहसीलदार पर हमला कर दिया। जिससे उनके सिर व चेहरे में चोट आई है। जिसकी रिपोर्ट रामपुर नैकिन थाना में पंजीवद्ध करवाई गई है।
इनका कहना है-
नायब तहसीलदार के साथ पटेहरा गांव के आधा दर्जन लोगों द्वारा मारपीट की गई है।आरोपियों के खिलाफ शासकीय काम में बाधा पहुंचाने सहित मारपीट करने का मामला पंजीबद्ध किया गया है। अपराध करने के बाद सभी फरार हो गए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुधांशु तिवारी
टीआई, रामपुर नैकिन
