सारंगपुर:नगर के व्यस्त इलाके भल्ला कालोनी के सामने पुराने नेशनल हाइवे पर चलती पल्सर मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई.बाइक से धुआं उठते ही कुछ ही क्षणों में आग की लपटें निकलने लगी. चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक से छलांग लगा दी. जिससे उसकी जान बच गई. घटना के बाद पुराने हाइवे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.
के अनुसार, जानकारी के पल्सर बाइक (एमपी 70 एमई 0714) चला रहा शुभम नामक युवक बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर अपने एक रिश्तेदार से मिलने पहुंचा था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक से पहले से पेट्रोल रिसाव हो रहा था. आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के संपर्क में आने से पेट्रोल ने आग पकड़ ली और पूरी बाइक आग की चपेट में आ गई.
घटना सारंगपुर थाना परिसर से करीब 200 मीटर दूर हुई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाकर यातायात नियंत्रित किया.
प्रारंभिक प्रयास में अग्निशमन उपकरणों से आग बुझाने की कोशिश की गई. लेकिन आग अधिक होने पर सड़क के दूसरी ओर से पानी की पाइप बिछाकर आग पर काबू पाया गया.
गनीमत रही कि आग के दौरान बाइक का पेट्रोल टैंक नहीं फटा. यदि ऐसा होता तो भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ा हादसा हो सकता था. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन से पेट्रोल रिसाव, धुआं या जलने की गंध महसूस होने पर उसे तुरंत बंद कर सुरक्षित स्थान पर ले जाएं और तत्काल पुलिस या फायर ब्रिगेड को सूचना दें.
