हादसा: सम्राट मौर्य आर्ट सील, गणेश मंडल परेशान

बुरहानपुर। लालबाग तुलसी मॉल के पास शनिवार रात खंडवा गणेश मंडल के लिए बड़ा हादसा हो गया। गणेश प्रतिमा लेकर लौट रही ट्रॉली पलट गई और प्रतिमा के नीचे दबने से खंडवा निवासी शशांक जोशी की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शहर के लिए काला दिवस साबित हुई।

हादसे के कुछ ही घंटे बाद प्रशासन ने पातोंडा रोड स्थित सम्राट मौर्य आर्ट सेंटर को सील कर दिया। यहां से महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई जिलों के आयोजकों ने मूर्तियां पहले से बुक कर रखी थीं। केंद्र बंद होने पर खामगांव, जलगांव, पाचोरा, वाशिम समेत अन्य शहरों से आए सैकड़ों गणेश मंडल थाने पहुंच गए और अपनी बुकिंग को लेकर हंगामा किया।

संचालिका सरिता मौर्य ने साफ किया कि हादसा खराब सड़क के कारण हुआ, न कि मूर्तियों की वजह से। उनका कहना है कि 40 से अधिक मूर्तियां तैयार हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है, लेकिन प्रशासन ने समय पर सड़क सुधारने की मांगों पर ध्यान नहीं दिया।

तहसीलदार प्रवीण ओहरिया ने बताया कि पहले से ही 10 फीट से बड़ी प्रतिमाओं पर रोक का आदेश जारी था। हादसे के बाद नियम उल्लंघन के चलते आर्ट सेंटर को सील किया गया है और अन्य जगहों पर भी कार्रवाई होगी।

इस बीच महाराष्ट्र से आए कई मंडलों ने नाराजगी जताई। वाशिम के हरीश बियानी ने कहा कि उन्होंने एक साल पहले 12 फीट की प्रतिमा बुक की थी, अब पूजा की तैयारियां अधर में लटक गई हैं।

कांग्रेस नेताओं ने भी प्रशासन पर सवाल उठाए। अजय सिंह रघुवंशी ने कहा कि अगर प्रतिबंध था तो पहले ही लागू करना चाहिए था, अंतिम समय की कार्रवाई से आयोजकों को परेशानी हो रही है। वहीं हर्षित सिंह ठाकुर ने कहा कि जिले में सड़कों की बदहाली जानलेवा हादसों का कारण बन चुकी है और यह घटना प्रशासन की नाकामी को उजागर करती है।

अब बड़ा सवाल यह है कि युवक की मौत, लाखों का नुकसान और श्रद्धालुओं की आस्था पर गिरी चोट का जिम्मेदार कौन होगा? गणेशोत्सव निकट है, ऐसे में प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि सड़कों को सुधारते हुए शांतिपूर्ण व सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित किया जाए।

Next Post

आकार फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन तीन फिल्में प्रदर्शित

Sun Aug 24 , 2025
भोपाल: आकार फिल्म फेस्टिवल के दूसरे दिन रविवार को टीटीटीआई ऑडिटोरियम में देवता, डर और आर्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर साहित्य, शिक्षा, संस्कृति और नाट्य लेखन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु वरिष्ठ साहित्यकार संतोष चौबे को सुदीर्घ सेवा सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। वहीं […]

You May Like